बस स्टैंड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास मिला शव, सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची
हरदा। शहर के बस स्टैंड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पिंटू पिता जमनाप्रसाद कुचबंदिया (35 वर्ष), निवासी टंकी मोहल्ला, हरदा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
वहीं, मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

