हरदा। ब्रह्मकुमारीज द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर से पधारे मोटिवेशनल स्पीकर बीके सुभाष भाई ने विद्यार्थियों को तनाव मुक्त जीवन जीने, मन को एकाग्र करने तथा जीवन में सही लक्ष्य निर्धारित करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
उन्होंने विभिन्न रोचक एक्टिविटी एवं उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर आधारित वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया, जिससे विद्यार्थियों में जागरूकता उत्पन्न हुई। अंत में सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम में बीके किरण ने राजयोग मेडिटेशन की सुंदर अनुभूति कराकर विद्यार्थियों को मानसिक शांति एवं आंतरिक शक्ति का अनुभव कराया। वहीं बीके भव्यता एवं बीके राजेश ने भी विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवन मूल्यों एवं श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के राकेश चट्टानी ,रोशनी तिवारी,राजकुमार यादव एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

