नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा तो दे दिया, मगर अब अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? भारत के नए उपराष्ट्रपति के चयन को लेकर सियासी गलियारों में अटकलें तेज हैं। इस बीच एनडीए के टॉप सोर्स ने खुलासा किया है, उससे यह तय हो गया है कि अगला उपराष्ट्रपति कहां से होगा? मिली जानकारी के अनुसार, अगला उपराष्ट्रपति भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी से ही होगा।
इस बीच, भाजपा इस पद के लिए अपनी विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ता को उम्मीदवार बना सकती है। फिलहाल जिन नामों पर पार्टी में विचार चल रहा है, उनमें कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। अन्य नाम सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर का भी है। आयोग ने इस पद के लिए निर्वाचक मंडल, रिटर्निंग आॅफिसर और अन्य जरूरी चीजों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोग की तैयारियों के बीच भाजपा की कोशिश होगी कि इस पद का उम्मीदवार किसी अन्य सहयोगी को बनाने की जगह अपने उम्मीदवार का नाम तय कर उसके नाम पर सहयोगी दलों को राजी करे।
दरअसल, जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक देश के 14वें उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को धनखड़ का इस्तीफा मंजूर कर लिया था। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।

