हरदा : ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है।
इसी क्रम में हरदा विकासखण्ड के ग्राम मसनगांव में 18 सितम्बर को शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें रहटाखुर्द, रन्हाईकला, भाटपरेटिया, कुकरावद, कनारदा, धुरगाड़ा, सुखरास, खामापड़वा, कड़ोलाउबारी, पलासनेर, केलनपुर, बीड़, मसनगांव व कांकरिया के ग्रामीण शामिल होंगे। इस शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

