जबलपुर। शहर की वायु गुणवत्ता को सुधारने नगर निगम ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। आधुनिक मशीनों और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से शहर की सड़कों, फ्लाईओवरों और प्रमुख मार्गों पर लगातार सफाई व धूल नियंत्रण की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए वाटर स्प्रिंकलिंग मशीनों को नियमित रूप से सड़कों पर उतारा गया है। खासतौर पर व्यस्त मार्गों और फ्लाईओवरों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही के दौरान उड़ने वाली धूल पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।
सफाई मित्र बने मजबूत कड़ी……..
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के संकल्प में ‘सफाई मित्र’ अहम भूमिका निभा रहे हैं। स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने के लिए सफाई कर्मी संकरी नालियों और दुर्गम स्थानों में भी उतरकर सफाई कर रहे हैं ।
सुरक्षा और सम्मान पर विशेष ध्यान …….
नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई मित्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उनके श्रम के सम्मान में विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। निगम का मानना है कि सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ेगा तो स्वच्छता अभियान और अधिक प्रभावी होगा।

