मुख्यमंत्री श्री चौहान बुदनी और आंवलीघाट में अनेक विकास और निर्माण कार्यो का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे
होशंगाबाद में हितग्राहियों से करेंगे संवाद
के के यदुवंशी
मकड़ाई समाचार होशंगाबाद।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 2 सितंबर को बुदनी और आंवलीघाट में अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे अनेक हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आंवलीघाट ब्रिज के पास सिवनीमालवा के ग्राम हथनापुर में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रात: 11.30 बजे भोपाल से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर 11.55 बजे बुदनी पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। बुदनी से 2.45 बजे सलकनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3.15 बजे आंवलीघाट कार्यक्रम में शामिल होंगे । मुख्यमंत्री श्री चौहान आवलीघाट ब्रिज के पास ग्राम हथनापुर में आयोजित कार्यक्रम में होशंगाबाद के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान 5.30 बजे सलकनपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर श्री सिंह ने लिया जायजा
कलेक्टर होशंगाबाद श्री धनंजय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह गौर ने आज जिले के सिवनीमालवा में गुरुवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया । उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम,एसडीएम सिवनी मालवा श्री अखिल राठौर, तहसीलदार श्री प्रमेश जैन एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

