मकड़ाई समाचार हंडिया।मकर संक्रान्ति का पर्व धार्मिक नगरी में पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया,सूर्योदय के साथ ही बच्चे पतंग और डोर लेकर मां नर्मदा के घाट पर पहुंचे, तो कुछ बच्चों ने घरों की छतों पर पतंगबाजी का जम कर लुत्फ उठाया,जैसे-जैसे दिन चढता गया और हवा की गति धीमी होती गई तो पतंग उड़ाने के लिए बच्चों का जोश बढ़ता गया,जहां बच्चों सहित युवा भी पतंग उड़ाते नजर आए तो वहीं बच्चे एक दूसरे की पतंगों की डोर काटने तथा अपनी पतंग को ऊंचाई पर पहुंचाने में मस्त दिखाई दिए।
मकर सक्रांति के पर्व को लेकर श्रद्धालुओं ने ठंड के बावजूद मां नर्मदा में स्नान कर गौ माताओं को हरा चारा व गुड़ खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया,और भगवान रिद्धनाथ महादेव को जल चढ़ाकर परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा,जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया स्नानार्थियों की संख्या बढ़ती गई, इधर तिल और गुड़ की रिश्तो में मिठास भरे इस त्यौहार पर परिवारों में महिलाओं ने एक दूसरे को घरेलू उपयोग में आने वाली वस्तुएं भेंट कर मकर संक्रान्ति पर्व की शुभकामनाएं दी। रिद्धनाथ घाट पर विमलेश्वर आश्रम के महंत हेमंत शर्मा एवं काशी से पधारे नारायण गुरु द्वारा परिक्रमा वासियों को एवं भिक्षावृत्ति करने वालों को ठंड से बचने के लिए कंबल एवं खीचडी बांटी गई, कुल मिलाकर पर्व को लेकर सभी जगह उत्साह और उमंग का माहौल रहा ।

