मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर की
मकड़ाई समाचार हरदा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को प्रदेश के 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों को 202 करोड़ 90 लाख रूपये की फसल-क्षति राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट हरदा के एनआईसी वी.सी. रूम में कृषि मंत्री श्री कमल पटेल, कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अमर सिंह मीणा भी मौजूद थे। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री पटेल ने दो किसानों श्री मंगेश टाले निवासी कुकरावद को 9900 तथा श्रीमती रामरतीबाई को 10800 रूपये का सांकेतिक चैक प्रदान किया।
कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने बताया कि इस कार्यक्रम में हरदा जिले में गत दिनों हुई ओला वृष्टि से प्रभावित 45 ग्रामों के 4982 किसानों के खाते में 16 करोड़ 51 लाख 15 हजार 975 रूपये ट्रांसफर की गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को फसल बीमा के रूप में और राजस्व पुस्तक परिपत्र के संशोधित प्रावधानों के तहत राहत के रूप में काफी मदद कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिये सरकार ने अनेक योजनाएं बनाई है।

