वार्डवासी धरने पर बैठे, 7 घंटे बाद आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 चारूवा। नियमित सफाई नहीं होने से नाराज ग्राम चारूवा के वार्ड 11 और 12 के रहवासियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। गंदगी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीण सुबह 8:45 बजे धरने पर बैठ गए। करीब सात घंटे चला यह प्रदर्शन शाम 4 बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
नालियों में जमा कचरा, उठ रही दुर्गंध
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में स्थायी स्वीपर नियुक्त नहीं है, जिससे नियमित सफाई नहीं हो रही है। नालियों में लंबे समय से कचरा और गंदा पानी जमा है। जगह-जगह भरा गंदा पानी और उससे उठती दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बरसात में स्थिति और खराब हो गई है। घरों के आसपास भी गंदगी जमा है। कई जगह बदबू से लोगों को परेशानी हो रही है।
मच्छरों का प्रकोप, बीमारी का खतरा
नालियों में लंबे समय से जमा पानी के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। वार्डवासियों ने कहा कि गंदगी और जलभराव के कारण डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत से तत्काल नालियों की सफाई कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
आश्वासन पर माने, बोले- अब नियमित सफाई चाहिए
धरने की जानकारी मिलने पर जनपद पंचायत खिरकिया सहायक यंत्री धर्मदीप किरार और ब्लॉक समन्वयक हरिशंकर मालवीय मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार और नालियों को साफ कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित सफाई चाहिए। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। धरने में शहीद कुरैशी, इमरान, अब्दुल वहाब, अशोक यादव, राज मीणा, नितिन वागरिया, चंदन दुनिया, राजेश जायसवाल, हर्षल सोनी, भगवान सोनी, मुस्ताक, जया अली, निहाल, प्रताप, शाहरुख, मोनिका, जाहिद, अफजाल, इरफान, वसीम अली, अयाज सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

