टिमरनी बिग न्यूज : वनांचल के मालेगांव में 4 घरों में लगी आग, सभी घर हुए जलकर खाक, ग्रामीणों ने एक घर को जलने से बचाया
मकड़ाई समाचार टिमरनी। जिले के रहटगांव तहसील के ग्राम मालेगांव में बुधवार दोपहर को चूल्हे की चिंगारी से एक मकान में आग लग गई। इस छोटी से चिंगारी ने ऐसा विकराल रूप लिया की एक के बाद एक अन्य तीन मकान भी आग की चपेट में आ गए। जिसके चलते चारों घरों में रखा गृहस्थी का सारा सामान कपड़े अनाज चूल्हे चौके के सहित मकान जलकर खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सतीश इवने ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जिसके कुछ देर बाद फायरब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। वहीं, ग्रामीणों की सजगता से एक अन्य मकान को जलने से बचा लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार, रहटगांव और बोरपानी वनपरिक्षेत्र के रेंजर, बीट गार्ड, सचिव मधुसूदन पाटिल ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर पीड़ित परिवारों को शासन से मिलने वाली राहत दिलाने का आश्वासन दिया है।
दुख की घड़ी में जयस के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद पदम साथियों के साथ पहुंचे और सभी पीड़ित परिवारों को 50-50 किलो चावल देकर सहयोग किया।

