हरदा। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को हरदा पुलिस ने स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के मार्गदर्शन में शासकीय सांदीपनि स्कूल खिरकिया और शासकीय कन्या हाई स्कूल हरदा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को साइबर अपराध, बाल सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके समझाए। बच्चों को बताया गया कि वे अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी और फोटो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया या ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से धमकी अथवा ब्लैकमेलिंग होने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
गुड टच-बैड टच की दी जानकारी
बच्चों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और बाल सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में बिना डरे अपनी बात अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस के सामने रखें।
यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के महत्व के बारे में भी बताया गया। आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 और बच्चों की सहायता एवं संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और जागरूक बनाने में पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
ये रहे उपस्थित
शासकीय कन्या हाई स्कूल हरदा में प्राचार्य मंजूलता खरे, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा अरुणा सिंह उपस्थित रहीं। वहीं शासकीय सांदीपनि स्कूल खिरकिया में प्राचार्य, शिक्षकगण एवं थाना छीपाबड़ से उपनिरीक्षक माया सरलाम मौजूद रहीं।
हरदा पुलिस का यह प्रयास बाल दिवस पर बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

