बरेली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की हालत नाजुक है। उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। इसी बीच शहर के तीन पार्षदों ने मुलायम सिंह के लिए किडनी देने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखा है। साथ ही मेदांता हॉस्पिटल के निदेशक को भी पत्र लिखा है।
बता दें कि वार्ड संख्या 49 से पार्षद गौरव गौरव सक्सेना, वार्ड 52 से पार्षद शमीम अहमद, हजियापुर पार्षद रईस मियां अब्बासी ने कहा है कि वह वर्षों से समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। पार्टी की छांव में आगे बढ़े हैं। इसी बीच सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की बीमारी की खबर उन्हें पता लगी तो वह उन्हें किडनी देने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने उनकी किडनी खराब होने की बात कही है। ऐसे में वह किडनी देने को तैयार हैं। उन्हें कभी भी हॉस्पिटल बुलाया जा सकता है। उन्होंने कहा, अपने नेता के लिए किडनी देना गर्व की बात है।