मकडाई समाचार,उज्जैन|कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश अनुसार रबी विपणन वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत जिले में उपार्जन कार्य के सुचारू संचालन, किसानों से खरीदी, भुगतान, भण्डारण, एसएमएस, खरीदी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं तथा उपार्जन में आने वाली समस्त प्रकार की समस्याओं के निराकरण और समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर, सरसों, उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिये जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का फोन नम्बर 0734-2526194 है।
कंट्रोल रूम के सुचारू रूप से संचालन हेतु धनंजय शितूत, पर्यवेक्षक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक और दिनेश चौबे यूडीसी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की ड्यूटी लगाई गई है। वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक बीजी व्यास कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी होंगे। कंट्रोल रूम पर शिकायत पंजी का संधारण किया जायेगा।
इसके अलावा निर्देश दिये गये हैं कि कंट्रोल रूम में कर्त्तव्यस्थ कर्मचारियों की प्रतिदिन उपस्थिति पंजी भी संधारित की जाये। उल्लेखनीय है कि कंट्रोल रूम उपार्जन अवधि तक प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से शाम 8 बजे तक क्रियाशील रहेगा। कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को सम्बन्धित नोडल अधिकारी सम्बन्धित विभाग, कार्यालय को प्रेषित कर निराकरण किया जायेगा। गंभीर सूचना/शिकायत होने की दशा में तत्काल सम्बन्धित सक्षम अधिकारी को दूरभाष पर सूचित किया जायेगा। सम्बन्धित विभाग सहकारिता, नान, मार्कफेड, वेयर हाऊस, खाद्य, राजस्व, कृषि एवं अन्य कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों/समस्याओं/अव्यवस्थाओं का उचित निराकरण यथासमय कराने का दायित्व सम्बन्धित विभाग के जिला प्रमुख का होगा।
आदेश के तहत पंजीकृत कृषकों को उनके उपार्जन केन्द्रों के बारे में कंट्रोल रूम से सूचित करते हुए कोरोना वायरस से बचाव हेतु आवश्यक सुझाव भी देंगे एवं एसएमएस प्राप्त होने पर ही एसएमएस के निर्धारित समयावधि में उपार्जन केन्द्र पर अपनी उपज लाने हेतु किसानों को सुझाव देंगे।

