सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क पहनकर ही खरीद-फरोख् -कलेक्टर बैंस
बैतूल |कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने कहा है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड संक्रमण के प्रकरण मिलना चिंताजनक है। सभी से अपेक्षा है कि वे कोविड संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतें। मास्क पहनने एवं सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सभी जगह अनिवार्य रूप से पालन किया जाए, जो पालन नहीं कर रहे हैं उन पर सख्ती से जुर्माना किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के नगरीय क्षेत्रों में रात्रि 10 बजे के पूर्व बाजार बंद करवाए जाएंगे, इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोडक़र अन्य गतिविधियां पूरी तरह बंद रखी जाएंगी।
गुरूवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन पॉजिटिव मरीजों को क्वारेंटाइन किया जा रहा है, यह सुनिश्चित हो कि वे क्वारेंटाइन के नियमों का पालन करें। क्वारेंटाइन के नियमों का पालन नहीं करने एवं यहां-वहां घूमने पर तत्काल ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया जाए। फल एवं सब्जी मंडी में लगने वाली दुकानों में आपस में नियत दूरी सुनिश्चित करवाई जाए। यहां आने वाले लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क पहनकर ही खरीद-फरोख्त करें, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। समारोह आयोजन स्थलों में निर्धारित संख्या से अधिक लोग मौजूद न रहे एवं ऐसे आयोजन बिना अनुमति के न हो। यदि किसी आयोजन स्थल पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो तत्काल वहां ताला लगा दिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर जेपी सचान, सहायक कलेक्टर श्री तन्मय वशिष्ट शर्मा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मौजूद थे।

