इंदौर: हिस्ट्रीशीटर की पहली और दूसरी पत्नी में सड़क पर मारपीट, डीसीपी से की शिकायत होटल के पास बीच सड़क पर हुई मारपीट का आरोप
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 इंदौर।विजय नगर क्षेत्र के चर्चित हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी रजत बुंदेला उर्फ रजत ठाकुर एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार विवाद खुद रजत को लेकर नहीं, बल्कि उसकी पहली और दूसरी पत्नी के बीच हुई मारपीट को लेकर है।
दूसरी पत्नी अस्मिता पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि पहली पत्नी स्वाति ठाकुर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर मेदांता रोड पर उनके साथ मारपीट की।
क्या है पूरा मामला
अस्मिता के मुताबिक घटना 2 दिन पहले रात करीब 11 बजे की है। वह अपनी दो दोस्तों खुशी श्रीवास्तव और कार्तिक ठाकुर के साथ ऑरेंज लिली होटल के पास पहुंची थीं। इसी दौरान स्वाति ठाकुर, संगीता बारे, नितिन बारे, देवेंद्र, उसकी मां, मोनू भार्गव और मिष्टी सहित अन्य लोगों ने रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि रजत से दूसरी शादी करने को लेकर गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर लात-घूंसों से हमला किया गया। अस्मिता का कहना है कि हमलावरों ने उसके बाल पकड़कर उसे होटल तक घसीटा। करीब आधे घंटे तक तीनों के साथ मारपीट चलती रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें थाने आने को कहा।
थाने में शिकायत नहीं लेने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विजय नगर थाने पहुंचने पर उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। आवेदन तक लेने से मना कर दिया गया। इसके बाद अगले दिन अस्मिता ने डीसीपी जोन-2 कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत में उसने आरोपियों के साथ-साथ थाने में सुनवाई न करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में कोई घटना होने पर आरोपियों और संबंधित पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है।
5 साल के रिश्ते के बाद की थी शादी
अस्मिता ने बताया कि वह पिछले 5 साल से रजत के साथ रिलेशनशिप में थीं। करीब 2 महीने पहले दोनों ने मंदिर में प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर पहली पत्नी स्वाति उनसे रंजिश रख रही थी। रजत के जेल जाने के बाद से ही स्वाति और उसके परिजन हमले की साजिश रच रहे थे।
तस्करी और आपराधिक रिकॉर्ड का भी जिक्र
शिकायत में अस्मिता ने संगीता बारे और देवेंद्र पर गांजा और चरस बेचने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि न्याय नगर क्षेत्र से बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है, जिसमें स्वाति ठाकुर भी शामिल है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रजत बुंदेला उर्फ रजत ठाकुर के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी, मारपीट और आबकारी अधिनियम सहित 2 दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कुछ माह पहले खजराना पुलिस ने मारपीट के मामले में उसकी स्कॉर्पियो से करीब 2 किलो गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

