डैनी उतपुरे मकड़ाई समाचार ब्यूरो बैतूल:- गुरुओं के सम्मान की परंपरा को बरकरार रखते हुए डागा फाउंडेशन ने शिक्षक दिवस के एक दिन पूर्व शनिवार को बैतूल एवं आठनेर ब्लॉक के 2100 शिक्षकों का सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि सर्वपल्ली डॉक्टर राधाकृष्णन के जन्मदिन को हमारे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिक्षक दिवस के इस अवसर पर डागा फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं बैतूल विधायक निलय डागा एवं दीपाली डागा ने बैतूल के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों का सम्मान किया।
विधायक डागा ने जिले के सबसे बड़े महाविद्यालय जयवंती हॉक्सर शासकीय महाविद्यालय, विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय में पहुंच कर शिक्षकों का सम्मान किया। वहीं डायरेक्टर दीपाली निलय डागा ने कन्या महाविद्यालय सदर, गंज स्थित कन्या शाला एवं महारानी लक्ष्मी बाई विद्यालय कोठी बाजार पहुंचकर शिक्षकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही फाउंडेशन से जुड़े सदस्यों ने बैतूल आठनेर ब्लॉक के अन्य शिक्षण संस्थानों में पदस्थ शिक्षकों को सम्मानित किया है। इस दौरान विधायक निलय डागा एवं दीपाली निलय डागा ने गुरु शिष्य परंपरा के महत्व के बारे में विद्यार्थियों को समझाया।
अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करते हुए विधायक निलय डागा ने कहा — शिक्षक वह जौहरी है जो मिट्टी को सोना बना देता है, शिक्षक छात्रों की बुद्धि को तराशकर हीरे की तरह चमकाता है। ज्ञान देने वाले गुरु ना होते तो संसार आज भी अज्ञान में भटका होता। उन्होंने कहा मैं अपने जीवन के लिए अपने पिता का ऋणी हूं, लेकिन इस जीवन को अच्छे से जीने के लिए अपने शिक्षक का, क्योंकि बच्चों के भविष्य के निर्माण का सबसे बड़ा जिम्मेदार व्यक्ति उसका शिक्षक ही होता है।
बिना शिक्षक के हम सभी अधूरे हैं
डायरेक्टर दीपाली निलय डागा ने कहा शिक्षक विद्यार्थियो के जीवन के वास्तविक कुम्हार होते हैं जो न सिर्फ हमारे जीवन को आकार देते हैं बल्कि हमें इस काबिल बनाते हैं कि हम पूरी दुनिया में अंधकार होने के बाद भी प्रकाश की तरह जलते रहें। उन्होंने कहा अपने शिक्षकों के महान कार्यों के बराबर हम उन्हें कुछ भी नहीं लौटा सकते हालाँकि, हम उन्हें सम्मान और धन्यवाद दे सकते हैं। हमें पूरे दिल से ये प्रतिज्ञा करनी चाहिये कि हम अपने शिक्षक का सम्मान करेंगे क्योंकि बिना शिक्षक के इस दुनिया में हम सभी अधूरे हैं। शिक्षक दिवस गुरु की महत्ता बताने वाला प्रमुख दिवस है।
