थाना, एसडीएम और आरटीओ से नहीं ली अनुमति, इटारसी की अनुमति पर सिवनी मालवा में चला रहे ड्राइविंग स्कूल
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। नगर में पिछले कई वर्षों से मोटर कार चलाना सिखाने का अवैध धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। यहां संचालित दो कार ड्राइविंग स्कूलों ने शासन-प्रशासन से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली है। न तो स्थानीय थाना, न एसडीएम कार्यालय और न ही आरटीओ विभाग को इसके संचालन की कोई सूचना तक दी गई है। इसके बावजूद खुलेआम लोगों को कार चलाना सिखाया जा रहा है, जो पूरी तरह गैर कानूनी है।जानकारी के अनुसार एक ड्राइविंग स्कूल संचालक का कहना है कि उसके पास इटारसी की अनुमति है।
सवाल यह उठता है कि जब अनुमति इटारसी की है तो सिवनी मालवा में कैसे कार चलाना सिखाया जा सकता है। वहीं दूसरे संचालक ने बताया कि धंधा नहीं होने से उसने दो दिन से कार सिखाना बंद कर दिया है। इससे स्पष्ट है कि दोनों ही संचालक बिना वैधानिक अनुमति के यहां अपना कारोबार चला रहे हैं।
इस संबंध में जब थाना प्रभारी नवीन पांडे से अनुमति को लेकर जानकारी ली गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी ओर से कार चलाना सिखाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है, शायद एसडीएम कार्यालय से ली होगी। जब एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया गया तो वहां से भी जवाब मिला कि कार ड्राइविंग स्कूल चलाने के लिए किसी भी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली गई है।
इससे यह साफ हो गया है कि दोनों ड्राइविंग स्कूल बिना शासकीय अनुमति के अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। नियमानुसार ड्राइविंग स्कूल चलाने के लिए आरटीओ से लाइसेंस, प्रशिक्षक का प्रमाण पत्र और निर्धारित मापदंडों का पालन करना अनिवार्य है, लेकिन यहां सभी नियमों को ताक पर रख दिया गया है।नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि चालकों और आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो।

