आरोपी के पास से 2 कट्टे-5 कारतूस बरामद
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के चर्चित जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी आशीष साहू को भी पकड़ा गया है।
तड़के 3 बजे हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक बंडा और विनायका थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से कई मौतों के बाद से मनीष फरार था। बुधवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने साथी के साथ मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी से होते हुए यूपी भागने की फिराक में है।
पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया। गोली मनीष के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। भागने की कोशिश में उसका साथी आशीष भी घायल हो गया।
हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती
मौके से पुलिस ने 2 देशी कट्टे, 5 जिंदा-खाली कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया है। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह इस कांड में तीसरा हाफ एनकाउंटर है। इससे पहले भी दो आरोपियों को मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर पकड़ा गया था। पुलिस अब मनीष से जहरीली शराब की सप्लाई चेन और नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी।

