हंडिया। बस स्टैंड के पास यात्रियों को बैंक ऑफ इंडिया की राह दिखाने के लिए लगाया गया दिशा-सूचक बोर्ड इन दिनों अपनी ही दिशा तलाशता नजर आ रहा है। कभी राहगीरों को बैंक तक पहुंचाने वाला यह बोर्ड अब खुद बदहाली की कहानी बयां कर रहा है।टूटा-झुका बोर्ड, आसपास उगी घास और नीचे बिखरा कचरा देखकर ऐसा लगता है मानो इसकी देखरेख की फाइल कहीं जिम्मेदारों की मेज पर जाकर आराम फरमा रही हो।
बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थान पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया बैंक ऑफ इंडिया शाखा हंडिया का यह बोर्ड काफी खराब स्थिति में पहुंच चुका है। बोर्ड पर बैंक की दिशा बताने वाला तीर तो मौजूद है, लेकिन बोर्ड की हालत देखकर यही सवाल उठता है कि आखिर इसकी सुध लेने की दिशा किस तरफ है?
विडंबना देखिए कि बैंक तक पहुंचने का रास्ता बताने वाला बोर्ड खुद ही जिम्मेदारों तक पहुंचने की राह देख रहा है। आसपास गंदगी और घास-फूंस के बीच पड़ा यह बोर्ड सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए ऐसे सूचना बोर्डों की समय-समय पर मरम्मत और साफ-सफाई होना जरूरी है। खासकर बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाले लोगों को दिशा बताने वाला बोर्ड यदि टूटे हाल में पड़ा रहे तो यह संबंधित जिम्मेदारों की उदासीनता को दर्शाता है।अब देखना यह है कि बैंक प्रबंधन या संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस ‘दिशाहीन’ बोर्ड की दिशा कब ठीक करते हैं,

