मकड़ाई समाचार हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने सुशासन सप्ताह के तहत हंडिया तहसील के ग्राम कचबेडी में शनिवार को आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गर्ग से शिकायत की कि गांव की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मुख्यालय पर नहीं रहती है, इससे ग्रामीणों का उपचार नहीं हो पाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस दौरान बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री मोनिका खेरिया सितंबर माह से बिना सूचना के गायब है। कलेक्टर श्री गर्ग ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को पद से पृथक करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा विद्युत देयक अधिक आने की शिकायत कलेक्टर श्री गर्ग से की, जिस पर उन्होंने उप महाप्रबंधक श्री आर. के. अग्रवाल को कल ही गांव में विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों की विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गर्ग को बताया कि गांव में पूर्व में 18 लाख रुपए की पेयजल योजना शुरू हुई थी, उससे एक भी दिन जल प्रदाय नहीं हुआ। अब जल जीवन मिशन के तहत फिर पेयजल योजना का निर्माण शुरू हो रहा है, जिससे सड़कें फिर से खोद दी जाएंगी। कलेक्टर श्री गर्ग ने ठेकेदार को समझाया कि पेयजल योजना की पाइप लाइन बिछाने के लिए यदि सड़कें खोदी जाती हैं, तो उनको तुरंत रिपेयर कराएं। साथ ही उन्होंने पुरानी पेयजल योजना के ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री गर्ग ने विकलांग छात्र विशाल पुत्र संतोष का विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच. पी. सिंह को दिए। कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया के साथ हंडिया तहसील के ग्राम कचबेड़ी में स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया।

