हरदा: बीती रात टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम चारखेड़ा में रात करीब 8 बजे एक स्टॉप डेम में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार उसका एक साथी सुरक्षित बचा लिया गया।
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार निमाचाखुर्द निवासी रामचंद्र उर्फ भीम (35) पुत्र महेश वर्मा जो गांव में सैलून की दुकान चलाता था। रामचंद्र गुरुवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच गांव में एक धार्मिक आयोजन का निमंत्रण देकर अपने साथी के साथ बाइक पर हवनकुंड लेकर लौट रहा था।
ग्राम बरकला पंचायत भवन के पीछे टिमरन नदी पर बने स्टॉप डेम के पास उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर स्टॉप डेम के पानी में जा गिरी।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, रामचंद्र के ऊपर बाइक गिरने से वह स्टॉप डेम के पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीण उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज सुबह शव का पीएम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में जुट गई।

