जनकल्याणकारी शिविर में पीएम स्वनिधि, नल कनेक्शन, भवन अनुज्ञा सहित 128 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
हरदा : केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिले में 12 से 18 जून 2026 तक विशेष जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है। शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभान्वित करना तथा लंबित शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना है।
इसी क्रम में विकासखंड हरदा में नगर पालिका कार्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को शिविर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कमलेश पाटीदार, सिटी मिशन मैनेजर जिला शहरी विकास अभिकरण हरदा श्री तरुण पाटिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान नागरिकों से विभिन्न योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर उनका मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के 27 आवेदन तथा स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत 5 हितग्राहियों की प्रोफाइलिंग की गई। वहीं नवीन नल कनेक्शन के 11 आवेदन स्वीकृत किए गए।
इसके अलावा भवन अनुज्ञा के 5 एवं संपत्ति नामांतरण के 80 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। इस प्रकार शिविर में एक ही दिन में कुल 128 प्रकरणों का मौके पर समाधान किया गया।

