नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान का भव्य समापन: 15 दिनों तक हजारों नागरिकों तक पहुँचा जनजागरूकता का संदेश
नशामुक्त समाज की ओर बढ़ते कदम: “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का गरिमामय समापन
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला हरदा पुलिस द्वारा दिनांक 15 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का भव्य समापन समारोह स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, हरदा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
समापन समारोह के दौरान पुलिस विभाग द्वारा विगत 15 दिनों में जिलेभर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई। अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम, रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, संवाद एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश युवा केवल जिज्ञासा, शौक अथवा नशा करने वाले साथियों की संगति के कारण नशे की शुरुआत कर देते हैं। धीरे-धीरे यही आदत गंभीर लत का रूप ले लेती है,
जिससे व्यक्ति आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है तथा कई बार अपराध की ओर भी अग्रसर हो जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवारजनों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित करें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अभियान के दौरान पुलिस विभाग ने सामाजिक न्याय विभाग, विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), शैक्षणिक संस्थानों एवं समाजसेवी संगठनों के सहयोग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर जनजागरूकता फैलाने का सफल प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक बुराई है। इसे समाज से समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नशे के आदी व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान अभियान अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्थान तथा अभियान में सहयोग देने वाले अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
अभियान को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक उपस्थित रहे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा श्रीमती शालिनी परस्ते, एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलैया,
डीएसपी महिला सेल सुश्री अरूणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर, थाना प्रभारी कोतवाली श्री रोशनलाल भारती, थाना प्रभारी सिविल लाइन श्री रामसुमेर तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से एलबीएस महाविद्यालय के वाइस प्रिंसिपल श्री संजय भार्गव एवं महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इसके अतिरिक्त ब्रह्माकुमारी संस्थान से दीदी किरण, हार्टफुलनेस संस्थान से डॉ. राजेश पटले तथा सामाजिक न्याय विभाग से श्रीमती सुरेन्द्र कौर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

