हरदा, : जिला कांग्रेस के प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने परिवहन विभाग द्वारा निजी बसों के किराए में की गई भारी वृद्धि को आम जनता पर महंगाई का एक और बड़ा हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
आदित्य गार्गव ने कहा कि दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग ने प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 2 रुपये कर दिया है। इसके चलते सामान्य, नॉन एसी, डीलक्स एवं एसी बसों के किराए में 10 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को 50 से 75 प्रतिशत तक अधिक किराया देना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय का सीधा असर हरदा सहित पूरे जिले के विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों तथा इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों पर पड़ेगा। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर सरकार ने त्योहारों से ठीक पहले अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
आदित्य गार्गव ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व से पहले मोहन सरकार द्वारा बस किराए में की गई यह भारी वृद्धि प्रदेश की लाड़ली बहनों को दिया गया “उपहार” है। एक ओर सरकार योजनाओं के नाम पर वाहवाही लूटती है, वहीं दूसरी ओर बस किराए में 50 से 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर आम जनता और बहनों की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है।
उन्होंने कहा कि एक ही बार में इतनी बड़ी किराया वृद्धि करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण, अव्यावहारिक एवं जनविरोधी निर्णय है। सरकार यदि वास्तव में जनता के हितों के प्रति संवेदनशील है तो इस निर्णय की तत्काल समीक्षा कर बढ़ा हुआ किराया वापस ले।
आदित्य गार्गव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हित में इस मुद्दे को लगातार उठाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेगी। जनता से जुड़े इस गंभीर विषय पर सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए।

