मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज-2026: ऐतिहासिक धरोहरों पर छात्रों ने दिखाई शानदार पकड़ विजेता टीम करेगी राज्य स्तर पर हरदा का प्रतिनिधित्व
हरदा : प्रदेश के विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज-2026 का जिला स्तरीय आयोजन गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से 81 स्कूल अपने तीन सदस्यीय छात्र दल एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागी विद्यार्थियों के तिलक एवं पुष्पमाला से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित लिखित परीक्षा में विद्यार्थियों से मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, विश्व धरोहर स्थलों, ऐतिहासिक स्मारकों, धार्मिक स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, अभयारण्यों, नदियों, पर्वतों, लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण तथा प्रदेश के इतिहास एवं भूगोल से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित प्रथम छः श्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाना था किंतु लिखित परीक्षा रोचक ढंग से संपन्न हुई और अंतिम दो टीमों के लिए तीन टीमों के बीच मुकाबला बराबर रहा। इसके बाद लॉटरी के नियम अनुसार दो टीमों का चयन किया गया। इस प्रकार लिखित परीक्षा में प्रथम टीम द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन हरदा, द्वितीय ज्ञान गंगा स्कूल हरदा, तृतीय टीम पिनेकल एकेडमी हरदा, चतुर्थ टीम शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहटगांव, पंचम टीम नॉलेज पब्लिक स्कूल सोडलपुर और छठी टीम जवाहर नवोदय विद्यालय चारूवा रही।
सनशाइन पब्लिक स्कूल सिराली लॉटरी उपरांत अंतिम छह टीमों में जगह नहीं बना पाई। इन प्रथम 6 टीमों ने दोपहर में आयोजित मल्टीमीडिया क्विज राउंड में भाग लिया। इस चरण में ऑडियो, वीडियो एवं चित्र आधारित प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की त्वरित सोच, सामान्य ज्ञान एवं विषय की गहन समझ का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर देकर अपनी उत्कृष्ट तैयारी का परिचय दिया।
रोमांचक मुकाबले के बाद विजेता टीम द फाउंडेशन ऑफ़ एजुकेशन स्कूल हरदा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज-2026 में हरदा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों फाउंडेशन ऑफ़ एजूकेशन हरदा, ज्ञान गंगा हायर सेकेंडरी स्कूल हरदा, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रहटगांव को मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का तीन दिन एवं दो रात का भ्रमण पैकेज प्रदान किया गया।
वहीं क्रमशः चौथा पांचवा एवं छठवां स्थान प्राप्त करने वाली टीमों जवाहर नवोदय विद्यालय चारूवा, नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी और पिनेकल अकेडमी हरदा को दो दिन एवं एक रात का पर्यटन पैकेज दिया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं टूर कूपन देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अपने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों एवं ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जिज्ञासा और गर्व की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विजेता टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
पूरे आयोजन का संचालन क्विज मास्टर श्री नितिन कुमार सोनी ने प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया। उनके कुशल संचालन से प्रतियोगिता ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ अत्यंत रोमांचक भी रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।

