हरदा। श्री बालाजी पब्लिक स्कूल, हरदा की बस क्रमांक-3 में बीती रात आग लगने की घटना सामने आई है। घटना करताना के पास एक वेयर हाउस के पास रात्रि में खड़ी बस की बताई जा रही है। घटना बाद विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले विद्यालय परिसर में विवाद हुआ था और स्कूल की बसों को आग लगाने की धमकी दिए जाने की शिकायत प्रशासन से की गई थी। अब बस में आग लगने की घटना सामने आने के बाद पूर्व घटना से इसका संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बस में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। पुलिस जांच, घटनास्थल की पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कराने तथा विद्यालय, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

