टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के रहटगांव के बाद आज सिराली में भी उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में बांटी गईं प्रतिमाएं
सिराली/टिमरनी। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में विधायक अभिजीत शाह द्वारा क्षेत्रवासियों को भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। विधायक ने यह पहल स्वयं के खर्चे से शुरू की है, जो लगातार दूसरे वर्ष भी जारी है।
बीते दिन रहटगांव में सैकड़ों गणेश प्रतिमाओं का वितरण किया गया। वहीं रविवार को कृषि उपज मंडी सिराली में आयोजित कार्यक्रम में हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं गणेश उत्सव मंडलों को सैकड़ों गणेश प्रतिमाएं निःशुल्क वितरित की गईं। प्रतिमाएं प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
“सनातन और धर्म को आगे बढ़ाना है, बस आपका साथ चाहिए”इस अवसर पर विधायक की पत्नी पलक अभिजीत शाह ने कहा कि धर्म और सनातन की परंपराओं को और आगे बढ़ाना है। इसके लिए सभी का सहयोग और साथ आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह पहल आस्था, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने वाला प्रयास है।
मालूम हो कि विधायक अभिजीत शाह द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार गणेश प्रतिमाओं के निःशुल्क वितरण का कार्य किया जा रहा है। इस पहल को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह है और इसे धार्मिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने वाली सराहनीय पहल बताया जा रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन विश्नोई, नागू पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

