हंडिया। तेजाजी महाराज की भक्ति और आस्था से जुड़ी ध्वज यात्रा रविवार को हंडिया से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद रवाना हुई। यात्रा की शुरुआत हंडिया स्थित तेजाजी महाराज मंदिर से हुई, जहां पंडित श्री कृपाशंकर जी सारस्वत द्वारा तेजाजी महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती करवाई गई। इसके बाद यात्रा में शामिल ध्वज का भी पूजन किया गया।
पूजन-अर्चन के पश्चात श्रद्धालु मां नर्मदा के तट पहुंचे, जहां पंडित कृपाशंकर जी सारस्वत के द्वारा मां नर्मदा की आरती संपन्न करवाई गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा का आशीर्वाद लिया और यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर प्रस्थान कर गई।
हंडिया से खरनाल तक पहुंचेगी यात्रा
तेजाजी महाराज की यह ध्वज यात्रा हंडिया से खरनाल तक जाएगी। यात्रा के दौरान उज्जैन, नींबाहेड़ा और आकेली-ए (मेड़ता) सहित विभिन्न स्थान प्रमुख पड़ाव रहेंगे। यात्रा के प्रभारी रामदीन सेवलेया हैं।
श्रद्धालु तेजाजी महाराज के जयकारों के साथ यात्रा में आगे बढ़ रहे हैं। हंडिया से रवाना हुई इस धार्मिक यात्रा में आस्था, परंपरा और तेजाजी महाराज के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला। तेजाजी महाराज मंदिर में पूजन से लेकर मां नर्मदा की आरती तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

