अयोध्या धाम में हरदा का गौरव बढ़ा : रक्तमित्र परमानंद सिंह बघेल को मिला राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान-2026
रक्तदान एवं मानव सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए रामनगरी में हुआ सम्मान
हरदा, मध्यप्रदेश। प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम में आयोजित भव्य राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सेवा रत्न सम्मान समारोह-2026 में हरदा के समाजसेवी एवं रक्तमित्र परमानंद सिंह बघेल को मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उनके निरंतर, निस्वार्थ एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन, अयोध्या द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के अलावा नेपाल और भूटान सहित विभिन्न स्थानों से आए रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
हरदा का नाम राष्ट्रीय मंच पर हुआ गौरवान्वित
अयोध्या की पावन धरती पर जब रक्तमित्र परमानंद सिंह बघेल का नाम राष्ट्रीय सम्मान के लिए पुकारा गया, तो यह हरदा जिले के लिए गौरवपूर्ण और भावुक क्षण बन गया। वर्षों से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता पहुंचाने तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के उनके सेवाभाव को राष्ट्रीय पहचान मिली।
जय महाराणा रक्तदान समूह भारत के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मंडलोई ने बताया कि यह सम्मान केवल परमानंद सिंह बघेल का नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और सेवाभावी साथियों के समर्पण का सम्मान है, जो निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
सम्मान साथियों और परिवार को समर्पित
रक्तमित्र परमानंद सिंह बघेल ने यह सम्मान अपने सभी रक्तदाता साथियों, सहयोगियों, मित्रों एवं परिवारजनों को समर्पित करते हुए कहा कि—
“किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने से बड़ी सेवा और किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटाने से बड़ा सम्मान कोई नहीं हो सकता।”
इस उपलब्धि पर जय महाराणा रक्तदान समूह भारत, हरदा के सदस्यों एवं समस्त परिवारजनों ने परमानंद सिंह बघेल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

