सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य आमजन को योजनाओं और सेवाओं का समय पर लाभ पहुंचाना – केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उइके
मगरधा में जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ
हरदा : भारत सरकार के जनजातीय कार्य विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से एक माह तक सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जनविश्वास कार्यक्रम एवं सेवा सेतु अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य आमजन को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं प्रदाय की जाने वाली सेवाओं का समय पर लाभ दिलाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ-साथ योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को भी रेखांकित किया जा रहा है।
सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्र हितग्राही तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिन पात्र हितग्राहियों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम को पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोद ने भी संबोधित किया। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि सरकार द्वारा संचालित इन अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पात्र हितग्राही योजनाओं एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ लेकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।
कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, जनप्रतिनिधि ज्योति मुड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में कुल 278 आवेदन प्राप्त हुए।
राज्यमंत्री उइके ने विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री उइके ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन स्थल पर लाल चंदन का पौधा भी रोपा।
उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानी
मगरधा में आयोजित जन विश्वास शिविर में उद्यम संवाद अंतर्गत आर्यन नागर को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत कृषि उपकरण यंत्र निर्माण हेतु 48 लाख रुपये का ऋण वितरण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित हितग्राही दीपक राय द्वारा बिल्डिंग मटेरियल व्यवसाय हेतु 25 लाख की सहायता प्राप्त कर मंच से अपनी सफलता की कहानी साझा की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री उइके ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
केन्द्रीय राज्य मंत्री उइके ने जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम मगरधा में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। इस दौरान उन्होने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 2 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र प्रदान किये।
उन्होने कृषि विभाग अंतर्गत ग्राम सिरकम्बा के शिवकुमार व ग्राम झुण्डगांव के कमलेश को स्प्रिंकलर सेट, राजस्व विभाग अंतर्गत सिरकम्बा के तनिश धाकड़ व ग्राम मगरधा के अमरसिंह को जाति प्रमाण-पत्र तथा ग्राम मगरधा के कृष्णाबाई व संतोष कुमार को नामांतरण आदेश प्रदान किये। उन्होने पंचायत एवं ग्रामीण विकास अंतर्गत ग्राम मगरधा के सुल्तान खान को शौचालय स्वीकृति पत्र, श्रम विभाग अंतर्गत ग्राम नकवाड़ा के शैतानसिंह व ग्राम बरखेड़ी के कमल सिंह को संबल योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किये।
सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत ग्राम मगरधा की विद्या पारे व तुलसाबाई को पेंशन स्वीकृति पत्र, ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मॉं अम्बे आजीविका स्वसहायता समूह व सरस्वती आजीविका स्व सहायता समूह को बैंक लिंकेज प्रमाण-पत्र प्रदान किये। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग अंतर्गत पीएमकेएसवाय योजना के तहत किसान कलीराम को स्प्रिंकलर सेट हेतु 13600 रूपये अनुदान सहायता राशि का स्वीकृति पत्र पप्रदान किया।

