जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव से पहले मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत सिरोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आबूरोड के मावल पुलिस चौकी पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने मिनी ट्रक से 20 किलो 696 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मिनी ट्रक में मिली अफीम की खेप
पुलिस के अनुसार, मावल चौकी पर वाहनों की जांच के दौरान गुजरात की ओर जा रहे राजस्थान नंबर के मिनी ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के केबिन में रखे बैग से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर वाहन को सीज कर दिया।
नीमच से गुजरात ले जा रहा था खेप
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महादेव प्रजापत (24), निवासी धराड़, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम मध्यप्रदेश के नीमच से लेकर आया था और गुजरात के सिद्धपुर में सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसपी डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देशन में आबूरोड रीको थाना पुलिस ने की। टीम में एएसआई भवानी सिंह, कांस्टेबल बाबू सिंह, दिलीप सिंह, ओमप्रकाश मालदेव और चालक कांस्टेबल अरुण सिंह शामिल रहे।

