हरदा। भाजपा जिला महामंत्री राजेश गोदारा ने हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा पूर्व मंत्री कमल पटेल पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक पहले अपने कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखें, उसके बाद विकास कार्यों पर सवाल उठाएं।
गोदारा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाना भाजपा जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा के जनप्रतिनिधि विकास कार्यों का शुभारंभ करते हैं और जनता को उनकी जानकारी देते हैं, तो विधायक दोगने को परेशानी क्यों होती है?
धनवाड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ को लेकर गोदारा ने बताया कि ग्राम पंचायत धनवाड़ा, तहसील खिरकिया में 19 अप्रैल 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने 306.80 लाख रुपए (करीब 3.06 करोड़ रुपए) की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन किया था। अब यहां डॉक्टरों की पदस्थापना के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भवन का शुभारंभ नहीं, बल्कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि हरदा जिले में सड़कों, पुल-पुलियाओं और अन्य विकास कार्यों में पूर्व मंत्री कमल पटेल के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंडी बोर्ड के माध्यम से भी जिले में अनेक सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई और ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया।
गोदारा ने विधायक दोगने को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में स्वीकृत कराई गई सड़कों, पुल-पुलियाओं और अन्य बड़े विकास कार्यों का ब्यौरा सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि विधायक अपने प्रयासों से स्वीकृत कराए गए एक किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का उदाहरण जनता के सामने रखें।
उन्होंने मुख्यमंत्री के सम्मान और प्रोटोकॉल को लेकर विधायक के बयानों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान सभी को अपने आचरण और शब्दों में बनाए रखना चाहिए।
गोदारा ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा के जनप्रतिनिधि विकास कार्य कराएंगे और उनकी जानकारी जनता तक पहुंचाते रहेंगे।

