जिला कांग्रेस कार्यालय में सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का हुआ अवलोकन, गांधी परिवार के संस्मरणों पर हुई चर्चा
हरदा। जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का अवलोकन किया गया। पुस्तक में उनके जीवन के संस्मरणों, प्रेम, परिवार और भारतीय राजनीति से जुड़े अनुभवों का उल्लेख है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पुस्तक का उद्देश्य गांधी परिवार के बारे में फैलाई गई कथित भ्रामक और आहत करने वाली बातों के बीच अपना पक्ष और सच्चाई सामने रखना है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में गांधी परिवार के योगदान, देश के प्रति समर्पण और राजनीतिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लेकर समय-समय पर कई तरह की राजनीतिक टिप्पणियां की गईं, लेकिन गांधी परिवार ने देशहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को प्राथमिकता दी।
मोहन साईं ने दावा किया कि पुस्तक के प्रकाशन को लेकर पहले कई तरह की बाधाएं आईं और अब इसकी बिक्री को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक में गांधी परिवार के संघर्ष, देश के लिए दिए गए योगदान और राजनीतिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का उल्लेख किया गया है।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. आर.के. दोगने और कांग्रेस नेता दिनेश यादव ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने पुस्तक को गांधी परिवार के जीवन और देश की राजनीति से जुड़े संस्मरणों को समझने का माध्यम बताया।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, रविशंकर शर्मा, हरिमोहन शर्मा, रशीद राईन, सुरेन्द्र पटेल, तुकाराम, सतीश भादू और महेश राठौर सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

