हंडिया : देवउठनी ग्यारस के बाद शुरू हुआ माँ नर्मदा की पैदल परिक्रमा का सिलसिला, रिद्धनाथ घाट पर उमड़ रहे श्रद्धालु,,,
हंडिया। देवउठनी ग्यारस के बाद माँ नर्मदा की पैदल परिक्रमा पर निकलने की परंपरा एक बार फिर शुरू हो गई है। प्रतिवर्ष देवउठनी ग्यारस के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ नर्मदा की परिक्रमा के लिए अपने घरों से रवाना होते हैं। इसी क्रम में धार्मिक नगरी हंडिया स्थित श्री रिद्धनाथ घाट पर इन दिनों श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।श्रद्धालुजन परिक्रमा प्रारंभ करने से पूर्व माँ नर्मदा के पावन तट पर पहुंचकर अपने-अपने पंडितजी के माध्यम से विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं।
माँ नर्मदा का आशीर्वाद लेकर श्रद्धालु पैदल परिक्रमा यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं।घाट पर सुबह से ही धार्मिक माहौल नजर आ रहा है। कोई परिवार के साथ तो कोई समूह में परिक्रमा के लिए पहुंच रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और माँ नर्मदा के प्रति अटूट विश्वास रिद्धनाथ घाट पर दिखाई दे रहा है।देवउठनी ग्यारस के बाद शुरू होने वाला यह परिक्रमा क्रम नर्मदा भक्तों के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। माँ नर्मदा की परिक्रमा को श्रद्धालु पुण्यदायी आध्यात्मिक यात्रा मानते हैं।

