कम निवेश अधिक मुनाफे का दिया लालच, आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
YouTube विज्ञापन बना ठगी का जाल
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में ऑनलाइन गेमिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 1 करोड़ 77 लाख की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने 2025 में YouTube पर ‘WinAdda’ गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से आरोपियों ने WhatsApp पर संपर्क कर कम निवेश पर मोटा प्रॉफिट का भरोसा दिलाया।
शुरुआत में छोटे निवेश पर रिटर्न दिखाकर भरोसे में लिया गया, फिर धीरे-धीरे अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹1,77,53,960 ट्रांसफर करा लिए गए।
पैसा वापस मांगने पर हुआ खुलासा
जब पीड़ित ने मुनाफे सहित पैसा वापस लेना चाहा तो रकम नहीं मिली। शक होने पर उसने देहरादून साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 61(2) और IT एक्ट 66D के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये एक बैंक खाते में गए थे। उस खाते में महज 4 महीने में 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ था।
राजस्थान से आरोपी पकड़ा गया
साइबर टीम और STF ने बैंक खाते के आधार पर राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं से 41 वर्षीय किशोर पुत्र मदन लाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम को रूट करने में किया गया था।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और पैसों के आगे के लेनदेन की जांच कर रही है।

