हरदा। बघेल अस्पताल में नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों की ओर से अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर शहर में चर्चा के बीच अब अस्पताल संचालक डॉ. विशाल सिंह बघेल की सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट और वीडियो भी चर्चा का विषय बन गई है। फिलहाल बीती रात एक पोस्ट हटा ली गई है। लेकिन लोगो के पास स्क्रीन शॉर्ट है। जो ग्रुप में वायरल हो रहे है।
डॉ. बघेल ने अपनी पोस्ट में लिखा—
“गंजेड़ी को समझाया था, अस्पताल पर हाथ मत डाला। अब कल से इनके रोजी-रोटी का हिसाब शुरू करेंगे।”
पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास तौर पर पोस्ट में इस्तेमाल किए गए “गंजेड़ी” शब्द को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर डॉ. बघेल ने यह टिप्पणी किस व्यक्ति के लिए की है और इसका नवजात की मौत के बाद उठे विवाद से कोई संबंध है या नहीं?
सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति की पोस्ट से उठे सवाल
डॉ. विशाल सिंह बघेल भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनकी सार्वजनिक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा हो रही है।
इधर फेसबुक पर जारी एक वीडियो में डॉ बघेल के द्वारा लिखी गयी पंक्तियां भी चर्चा में है – अब और सहन नहीं करना। लड़ाई कानूनन होगी और आर पार की होगी। आपने मेरे पेट पर लात मारी है। अब आप तैयार रहें।
ये बात इशारों में किसके लिए लिखी गयी है ये तो डॉ बघेल जानें या जिसके लिए लिखी हो वो जानें।
बहरहाल भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के फेसबुक पोस्ट की चर्चा इंदौर मीडिया में भी सुनाई दी है। स्वयं के द्वारा निर्मित एक वीडियो भी चर्चा में है।
लोगों के बीच सवाल है कि जब अस्पताल को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं, उसी दौरान “अस्पताल पर हाथ मत डालना” और “रोजी-रोटी का हिसाब” जैसी टिप्पणी किस संदर्भ में की गई?
हालांकि, पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिखा गया है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि टिप्पणी किस व्यक्ति या मामले को लेकर की गई है।
आखिर कौन है वह “गंजेड़ी”?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पोस्ट में जिस “गंजेड़ी” शब्द का इस्तेमाल किया गया है, वह आखिर किसके लिए है? क्या यह नवजात की मौत के मामले में आरोप लगाने वाले किसी व्यक्ति के लिए है या फिर पोस्ट का संबंध किसी अलग विवाद से है?
डॉ. बघेल की ओर से इस पोस्ट का स्पष्ट संदर्भ सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
फिलहाल, आज मुख्यमंत्री मोहन यादव का हरदा दौरा है। हरदा बीजेपी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के फेसबुक पोस्ट व वीडियो ने माहौल को गर्मा दिया है।

