विधायक के समर्थकों ने किया घेराव – TI समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 इंदौर । शहर के एरोड्रम थाने में शुक्रवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि रिपोर्ट लिखाने पहुंचे BJP कार्यकर्ता पंकज चौबे और उनके साथी जयदीप दुबे के साथ थाने के अंदर पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़ित कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे तो SI, ASI और आरक्षकों ने उन्हें घसीटकर थाने के अंदर ले जाकर पीटा।
विधायक के 400 समर्थकों ने थाने को घेरा
घटना की खबर फैलते ही इंदौर-2 के BJP विधायक गोलू शुक्ला के करीब 400 से ज्यादा समर्थक और BJP कार्यकर्ता रात में ही एरोड्रम थाने पहुंच गए। सभी ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
मामले को बढ़ता देख एडिशनल DCP सुमित केरकट्टा ने तत्काल कार्रवाई की। एरोड्रम थाना प्रभारी (TI) सहित 1 SI, ASI और 4 आरक्षक समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद शहर में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।

