नशे में घर आए पति से विवाद, डंडे से किया हमला
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र की गरौली चौकी अंतर्गत एक गांव में घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने पति की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की रात गोविंद दास अहिरवार उर्फ झलू नशे की हालत में घर पहुंचा था।
घर पहुंचते ही किसी बात पर उसकी पत्नी रजनी देवी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर रजनी ने पास रखे डंडे से पति पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई।
खून से सने कपड़े बदले, अगले दिन दी सूचना
घटना के बाद आरोपी पत्नी ने मृतक के खून से सने कपड़े बदल दिए और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। इसके बाद 7 अगस्त को उसने घरवालों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गरौली चौकी प्रभारी डीडी शाक्य और नौगांव थाना प्रभारी संजय राय ने शव का निरीक्षण किया। शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने पर सीन ऑफ क्राइम और FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पूछताछ में कबूली हत्या, आरोपी जेल भेजी गई
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी रजनी देवी अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में रजनी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
उसने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर घर में मारपीट करता था। 6 अगस्त की रात भी नशे में विवाद होने पर गुस्से में उसने डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

