भोपाल: BJP विधायक अजय विश्नोई के 4इमली स्थित सरकारी बंगले के ताले तोड़े विधायक के सूने बंगले में दिन दहाडे़ हुई चोरी
मकडाई एक्सप्रेस 24 भोपाल। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले VVIP इलाके चार इमली में रविवार दोपहर चोरी की घटना सामने आई। यहां BJP विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले में दिनदहाड़े चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
उन्हें चार इमली में डी-11/03 बंगला आवंटित है। विश्नोई महीने में 3-4 दिन ही भोपाल आते हैं, शेष समय बंगला खाली रहता है। रविवार को घर में काम करने वाले व्यक्ति ने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखे। अंदर जाकर पता चला कि 3-4 दरवाजों के ताले तोड़ दिए गए और कुछ दरवाजों के कुंदे भी उखाड़ दिए गए।
नल की पीतल की टोंटियां तक ले गए चोर
चोर बंगले से नल की पीतल की टोंटियां और अन्य छोटे-मोटे सामान भी ले गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात दोपहर करीब 1:30 बजे हुई, जब इलाके में आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी।
यह बंगला स्पेशल डीजी अजय शर्मा के बंगले के ठीक सामने स्थित है। हाई सिक्योरिटी जोन में इस तरह की घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में हुई थी चोरी
बताया जा रहा है कि 3-4 दिन पहले भी चार इमली क्षेत्र में एक अधिकारी के सूने घर में इसी तरह चोरी हुई थी। यह पहला मामला नहीं है जब इस हाई सिक्योरिटी इलाके में चोरी की घटना हुई हो।
फिलहाल विधायक की शिकायत पर विधानसभा को सूचना दी गई है। हबीबगंज थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

