हरदा। प्रेम सुधा वेयर हाउस में सोसायटी द्वारा मूंग खरीदी के दौरान एक किसान द्वारा की गई शिकायत के बाद मामला चर्चा में है। वेयर हाउस संचालक ने शिकायत को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित किसान का माल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं था, इसलिए उसे नियमानुसार रिजेक्ट किया गया।
संचालक धीरज टाले का कहना है कि वेयर हाउस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं और अब तक सैकड़ों किसानों का माल बिना किसी परेशानी के तौला जा चुका है।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार ग्रेडिंग की व्यवस्था है। ग्रेडिंग के दौरान यदि उपज में दाल-चूरी या अन्य अशुद्धियां अधिक पाई जाती हैं, तो नियमानुस माल रिजेक्ट करने की कार्रवाई की जाती है।
वेयर हाउस संचालक ने यह भी दावा किया कि शिकायत करने वाला किसान पूर्व में भी इसी प्रकार दबाव बनाने का प्रयास कर चुका है। उनका कहना है कि इस बार भी गुणवत्ता के आधार पर माल स्वीकार नहीं किए जाने के कारण शिकायत की गई है।
मामले को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
ऐसे में आवश्यक है कि संबंधित विभाग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे। जांच के बाद ही किसी भी पक्ष की जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

