जिला पंचायत सभागार हरदा में आयोजित हुआ ‘‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’’ का जिला स्तरीय जन-सम्मेलन-सह लॉन्च कार्यक्रम
हरदा : ‘‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’’ योजना का शुभारंभ जिला पंचायत हरदा के सभागृह में गुरूवार को अध्यक्ष जिला पंचायत हरदा श्री गजेंद्र शाह एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत हरदा श्री दर्शन सिंह गहलोद की गरिमामय उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीबी-जी-राम-जी योजना से समग्र ग्रामीण विकास की परिकल्पना पूर्ण होगी। इस योजना में ग्रामीण जन को अपने गांव की कार्ययोजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार कर क्रियान्वित की जाएगी।
इस योजना में एक वित्तीय वर्ष में 100 दिवस के स्थान पर 125 दिवस का रोजगार ग्रामीणजन को प्राप्त होगा। यह योजना पारदर्शी, आधुनिक तकनीक पर आधारित योजना है। यह योजना संपूर्ण देश में 1 जुलाई 2026 से केन्द्र सरकार द्वारा लागू की गई है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा श्रीमती अंजली जोसेफ ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि वीबी-जी-राम-जी योजना में जीआईएस तकनीक, सिपरी साफ्टवेयर तथा युक्तधारा पोर्टल का उपयोग कर ग्राम पंचायतों में ग्राम की समग्र कार्ययोजना तैयार की जावेगी। इस योजना में प्रमुख रूप से 4 घटकों पर कार्य होगा तथा राज्य एवं बुआई व कटाई के मौसम के दौरान 60 दिनों तक कृषि कार्यविराम घोषित करने का अधिकार दिया गया है।
यह विराम वार्षिक 125 दिनों की कानूनी गारंटी को कम नहीं करता है, जिससे किसानों और श्रमिक हितों में संतुलन बना रहता है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जोसेफ ने योजना के विभिन्न पहलुओं के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोद ने पूर्व योजना मनरेगा एवं वीबी-जी राम जी योजना में अंतर को स्पष्ट करते हुए, इस योजना के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।
श्री गहलोद ने बताया कि वीबी-जी-राम-जी योजना में मुख्य रूप से 4 प्रकार के कार्य प्राथमिकता से लिए जावेगें जिसमें जल संबंधी कार्य (जल सुरक्षा के लिए), मुख्य ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका संबंधी अवसंरचना व प्रतिकूल मौसम घटनाओं से निपटने और आपदा तैयारी हेतु विशेष कार्य शामिल हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी प्रसारित किया गया। इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक पेड मां के नाम के तहत पौधों का रोपण कराया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमति जोसेफ ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरदा जिले की ग्राम पंचायतों में भी राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया।
कार्यक्रम में हरदा जिले में जनपद प्रतिनिधिगण, सरपंच, आमजन, स्व-सहायता समूह, श्रमिक, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान योजना के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। स्व-सहायता समूह द्वारा उत्पादों की स्टाल लगाई गई, जिनका निरीक्षण जन प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत हरदा प्रांगण में हेल्थ चैकअप पांईट लगाया गया, जिसमें आम नागरिकों सहित अधिकारी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। वीबी-जी राम जी योजना के हरदा जिले में प्रचार-प्रसार हेतु जिले द्वारा विशेष रूप से गीत एवं वीडियो तैयार कराकर प्रसारित किया गया।

