ऐसा दान दिया कि जीवन भर के लिए अमर हो गई विमला देवी! रुई की बत्ती बनाकर जोड़े 51 हजार रुपये की राशि का दिया दान
हरदा। नगर में एक ऐसी महिला का निधन हो गया, जिसने अपनी भक्ति और समाजसेवा से अमर छाप छोड़ी है। 76 वर्षीय विमला देवी, जो संपत राव चौहान की धर्म पत्नी, पवन चौहान और रितु जाधव की माता थीं, का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। पिछले कुछ समय से वे अस्वस्थ चल रही थीं। उन्होंने खेतवाली माता मंदिर में 51 हजार रुपये की राशि की एफडी कराई, यह राशि विमला देवी ने रुई की बत्ती बनाई और उन्हे बेचकर एकत्र की थी। विमला देवी की अंतिम इच्छा अनुसार इस राशि के ब्याज से मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ हमेशा करवाया जाएगा।
मालूम हो कि विमला देवी लंबे समय से खेतवाली माता मंदिर से जुड़ी हुई थीं और रोजाना मंदिर आकर सेवा कार्य करती थीं। उनका जीवन धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पित था। उनकी सरलता, दयालुता और श्रद्धा ने उन्हें हर किसी के दिल में विशेष स्थान दिलाया। मंदिर के पुजारी कैलाश पुरोहित ने बताया कि विमला देवी ने मंदिर के नाम 51 हजार रुपए की एफडी करवाई।
उन्होंने बताया कि विमला देवी की अंतिम इच्छा यह थी कि इस राशि के ब्याज से मंदिर में चलने वाले दुर्गा सप्तशती के पाठ का संचालन हमेशा किया जाए। यह उनके जीवन की भक्ति और उदारता का सजीव उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर हमेशा जीवित रहेगा। विमला देवी का जीवन और उनका योगदान हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।

