सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हंडिया में नर्मदा स्नान कर गुप्तेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
हरदा। सावन माह के तीसरे सोमवार को जिले भर में शिव मंदिरों में भारी भीड़ रही।नर्मदा तट हंडिया नेमावर गोंदागांव छीपानेर में हजारो की संख्या मे श्रद्धालुओ ने स्नान कर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया दूर दराज आए कांवरियो ने अपनी अपनी कांवर मे नर्मदा जल लेकर टिमरनी शिव मंदिर हरदा गुप्तेश़्वर मंदिर और चारुवा गुप्तेश्वर मंदिर के लिए निकले। हंडिया में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सुबह नर्मदा नदी में स्नान कर अर्चन, जल लेकर हरदा के लिए प्रस्थान किया।
हरदा देवास खंडवा जिले सहित अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने महादेव का जलाभिषेक किया। इधर हरदा गुप्तेश्वर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर चला।विधायक आरके दोगने अपने समर्थको के साथ नर्मदा जल से अभिषेक कर पूजन किया। इस दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह, एसपी अभिनव चौहान, अतिरिक्त एसपी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बाबा रामदेव के दर्शन को नयागांव से जत्था रवाना
हरदा। करताना क्षेत्र से रामदेवरा धाम के लिए नयागांव से श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को रवाना हुआ। बाबा को पहले भोग के लिए लड्डू का प्रसाद बनाकर गांव में भंडारा किया गया। इसके बाद बाबा की पालकी के साथ पूरा जत्था नयागांव से रवाना हुआ।
यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े और भक्तिगीतों के साथ माहौल भक्तिमय रहा।
हरियाली तीज पर महिलाओं ने पौधरोपण का लिया संकल्प
हरदा। हरियाली तीज के मौके पर शहर की विभिन्न कॉलोनियों की महिलाओं ने गीत-संगीत और उल्लास के साथ तीज मनाई। इस दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी और सुहाग सामग्री बांटी। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सभी ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और जल बचाने का संकल्प लिया।
पार्थिव शिवलिंग बनाकर विद्यार्थियों ने किया अभिषेक, गूंजा शिव का जयघोष
हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ में श्रावण सोमवार और नागपंचमी पर धार्मिक आयोजन हुए। विद्यार्थियों ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद रुद्राभिषेक और हवन किया गया।
विद्यालय परिसर शिवमय हो गया। बच्चों ने धार्मिक गीतों पर नृत्य किया और सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था बढ़ाते हैं।
57 सूत्रीय मांगों को लेकर मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन
हरदा। कर्मचारी और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 57 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया गया।
मजदूर संघ ने न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और समान काम के लिए समान वेतन की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
दाल मिल लगाने के लिए 30 अगस्त तक करें आवेदन
हरदा। दलहन फसलों का मूल्य संवर्धन और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए दाल मिल, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग इकाई स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एफपीओ, एसएचजी, पैक्स और पात्र व्यक्तिगत 30 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत परियोजना लागत का 33 प्रतिशत, अधिकतम 25 लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा। लोन के लिए बैंक ऋण लेना अनिवार्य है। इसके साथ सरकार ब्याज सहायता भी देगी।

