हरदा। सावन माह के तीसरे सोमवार को खिरकिया नगर शिव भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। महाकाल सेवा समिति की ओर से कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
नीलकंठेश्वर मंदिर से हुई विधिवत शुरुआत
कावड़ यात्रा की शुरुआत खेड़ापति रोड स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। विधि-विधान से पूजन के बाद शिवभक्तों ने कावड़ उठाकर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने हाथों में त्रिशूल और डमरू लिए हुए थे।
यात्रा नीलकंठेश्वर मंदिर से निकलकर तहसील रोड, गांधी चौक, रेलवे फाटक, पीपल चौराहा, कृषि उपज मंडी और मेन रोड होते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने कावड़ियों का स्वागत किया। किसी ने पुष्पवर्षा की तो किसी ने शरबत और फलाहार वितरित किया।
शिवमय हुआ पूरा शहर
कावड़ यात्रा के दौरान डीजे पर बजते शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे। समिति के पदाधिकारियों के साथ आसपास के गांवों से आए लोग भी इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
गुप्तेश्वर मंदिर में हुआ भव्य जलाभिषेक
श्रद्धालु चारूवा स्थित प्राचीन श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे जहां पहले से ही भक्तो की भारी भीड़ मौजूद थी। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और शंख-घंटियों की ध्वनि गूंज रही थी।
कावड़ियों ने अपनी कावड़ में लाए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद महाआरती की गई। मंदिर समिति के अनुसार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। पूरे दिन मंदिर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

