हंडिया : कीचड़ और झाड़ियों में पड़ी 13 साल पुरानी शिला पूर्व विधायक कमल पटेल का नाम है अंकित – जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर, पंचायत और प्रशासन पर उठ रहे सवाल
हंडिया।ग्राम पंचायत हंडिया में 10 मार्च 2012 को पंच परमेश्वर योजना अंतर्गत हुए सीसी रोड के भूमि पूजन की शिला आज बदहाली की मिसाल बनकर गिरी पड़ी है।जिस शिला को गर्व और विकास का प्रतीक मानकर स्थापित किया गया था, वह अब कीचड़, पानी और झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में दिखाई दे रही है।
तस्वीर साफ बता रही है कि शिलालेख सड़क किनारे अस्त-व्यस्त अवस्था में पड़ा हुआ है।जिस पर पूर्व विधायक कमल पटेल और जनपद पंचायत अध्यक्ष के नाम अंकित हैं।इस शिला के जरिये विकास यात्रा की गवाही देने की कोशिश की गई थी, लेकिन आज इसकी दुर्दशा देखकर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं –
क्या यही है जिम्मेदारों की विकास के प्रतीकों को सहेजने की नीयत?
अगर योजनाओं की पहचान ही मिटा दी जाएगी, तो फिर योजनाओं का असली फायदा जनता तक कैसे पहुँचेगा?
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत और स्थानीय प्रशासन ने इस ओर कभी ध्यान ही नहीं दिया। नतीजा यह है कि यह शिलालेख अब गंदगी और पानी में दबकर इतिहास के पन्नों से मिटने की कगार पर है।
लोगों की मांग है कि इस शिला को तुरंत उठाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए, साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाए।

