jhankar
ब्रेकिंग
🌟 आज का राशिफल | शनिवार, 1 अगस्त 2026 🌟 जानिए आज क्या कहते हैं आपके भाग्य के सितारे… सरकार का बड़ा फैसला : सरकार ने PM-Kisan योजना को 5 साल और बढ़ाया, किसानों के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपय... इंदौर के मेजर हमज़ा आरिफ राजस्थान में सड़क हादसे में शहीद ऊंट से टकराया सेना का वाहन, ड्यूटी से लौट... नर्मदापुरम में 7 अगस्त से चलेगा ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने दिए यो... पूनम कायनेटिक का भव्य शुभारंभ, पहले ही दिन 13 इलेक्ट्रिक वाहनों की हुई डिलीवरी मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रथम जन-विश्वास दौरा 7 अगस्त को छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री सुनेंगे ऑनलाइन प... टिमरनी पुलिस को बड़ी सफलता, घरों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद... नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का भव्य समापन: 15 दिनों तक हजारों नागरिकों तक पहुँचा जनजागरूकता का... एक तरफ नशा मुक्ति का शोर... दूसरी तरफ ढाबे पर खुलेआम शराब का कारोबार! मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के द्वारा ग्राम रन्हाई में स्वच्छता की शपथ दिलाई

भोपाल में हवलदार ने 250 के लिए युवक को पीटा, सस्पेंड

भोपाल। प्रधान आरक्षक (हवलदार) राम अवतार धाकड़ ने एक स्कूटर के सर्विस सेंटर के बाहर कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। उसे जमीन पर गिराकर लातें मारीं। उसके साथ पांच और पुलिसकर्मी मौजूद थे। किसी ने भी युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। घटना शनिवार शाम की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। हवलदार स्कूटर में तत्काल काम कराने की बात पर अड़ा था। महज ढाई सौ रुपए का गाड़ी में काम होना था, लेकिन वह पैसा नहीं देना चाहता था। उसने कर्मचारियों से स्कूटर में इंश्योरेंस से काम कराने की बात कही थी। डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं हवलदार राम अवतार धाकड़ को सस्पेंड कर दिया गया है।

ब्रेक लिवर का पैसा नहीं देना चाहते थे
नारायण नगर में सर्विस सेंटर में सचिन कुमार कुशवाह बतौर सर्विस एडवाइजर काम करते हैं। इसमें आज शाम को करीब सवा चार बजे वर्दी में एक पुलिसकर्मी पहुंचा, जिसने अपना परिचय राम अवतार धाकड़ के रूप में दिया। उसने स्वयं को बैरागढ़ थाने में पदस्थ होना बताया। साथ ही स्कूटर का ब्रेक लिवर तत्काल बदलकर देने की बात कही। सचिन ने उन्हें लिवर के पैसे चुकाने की बात कही, जिसकी कीमत ढाई सौ रुपए थी। पुलिसकर्मी इस बात पर नाराज हो गया, उसने पैसा देने से मना कर दिया। इंश्योरेंस से काम कराने की बात कही। इस पर सचिन ने उसे इंश्योरेंस से काम कराने के लिए हामी भरी, लेकिन गाड़ी छोड़कर जाने और पूरी प्रक्रिया के बाद क्लेम सेटल होने में करीब एक सप्ताह लग जाने की जानकारी दी।

- Install Android App -

गुस्से में गालियां दीं, बाहर लाकर पीटा
प्रक्रिया सुनने के बाद पुलिसकर्मी भड़क गया। उसने गालियां देना शुरू कर दिया। जिसका सचिन ने विरोध किया, इस पर पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की। बचाव करने आए साथी जीवन को भी पीटा। कॉल कर अन्य पुलिसकर्मियों को बुला लिया। जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो सचिन को शोरूम के बाहर धाकड़ ने जमीन पर गिराकर पीटा।

युवक को जान से मारने की धमकी दी
पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिसकर्मी धाकड़ ने सचिन को शिकायत न करने की धमकी दी, ऐसा करने की हालत में जान से मारने की भी धमकी दी है। शोरूम के कर्मचारियों ने मदद के लिए 112 नंबर पर काल भी किया था, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने धाकड़ को रोकने का प्रयास नहीं किया। वीडियो में अन्य पुलिसकर्मी भी खड़े नजर आ रहे हैं। हालांकि, बागसेवनिया पुलिस ने फिलहाल घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद प्रधान आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।