हरदा। जिला अस्पताल में एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। खारपा गांव की एक प्रसूता को प्रसव पीड़ा होने पर महिला के पति हरवन सिंह धुर्वे ने एंबुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरी में परिवार महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर गिर पड़ी। परिजनों के अनुसार इसी दौरान महिला का प्रसव हो गया। बाद में अस्पताल में महिला और नवजात को उपचार एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई।
दो दिन पहले घायल युवक को भी एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप
वहीं, दो दिन पहले लखदेह ग्राम पंचायत के चुरनी गांव में पेड़ से गिरकर घायल हुए युवक को लेने भी एंबुलेंस नहीं पहुंचने का आरोप सामने आया था। परिजनों के मुताबिक उन्होंने कपड़े की झोली बनाकर घायल युवक को कई किलोमीटर पैदल ले जाकर अस्पताल पहुंचाया।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद जिले में एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता और प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

