शादी-पार्टी में व्यावसायिक गैस का बोर्ड लगाना अनिवार्य
घरेलू गैस सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से कार्यवाही की जा रही है।
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 हरदा। शादी-पार्टी में खाना बनाने के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर अब खाद्य विभाग सख्ती करेगा। जिले के मैरिज गार्डन, मैरिज लॉन और कैटरिंग संचालकों को परिसर में व्यावसायिक गैस इस्तेमाल का सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है।
विभाग की संयुक्त टीमें निरीक्षण कर जांचेंगी कि आयोजनों में घरेलू की बजाय व्यावसायिक सिलेंडरों का ही उपयोग हो रहा है या नहीं। इसका उद्देश्य व्यावसायिक आयोजनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाना है।
औचक निरीक्षण करेगी टीमें
खाद्य विभाग की संयुक्त टीमें मैरिज गार्डन और कैटरिंग इकाइयों में औचक निरीक्षण करेंगी। जांच में दो प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान रहेगा – परिसर में अनिवार्य सूचना बोर्ड लगा है या नहीं, और खाना बनाने में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल हो रहा है या नहीं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शादी-विवाह के सीजन में बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडरों की खपत होने की आशंका रहती है। ऐसे में नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और घरेलू सिलेंडर रियायती दरों पर घरेलू जरूरतों के लिए ही उपलब्ध रहेंगे।

