jhankar
ब्रेकिंग
मध्यप्रदेश में आज मौसम साफ, सुबह कोहरे के साथ गुलाबी ठंड शुरू टिमरनी में प्रशासन के आदेश हवा में,प्रतिबंध के बाद भी नहीं रुक रही नरवाई जलाने की घटनाएं हरदा में आरओ प्लांट विवाद ने पकड़ा तूल: नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी पर धमकी देने का आरोप, थाने पहुंचा... खातेगांव में शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को ट्रक से कुचला, मौके पर मौत; पुलिस महकमे में मच... आज मोहनपुर में SC/ST समुदाय की अहम बैठक आयोजित रात 10 बजे अंधेरे में सड़क पर खड़ा है कृषि यंत्र, न कोई संकेतक हो सकता है हादसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार  मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास इसकी पहचान - केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइ... रात 2 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े दो युवक, 1.207 किलो गांजा जब्त छिपाबड़ पुलिस की कार्रवाई: किराना दुकान से 49 हजार रुपये के अवैध पटाखे जब्त

हरदा में आरओ प्लांट विवाद ने पकड़ा तूल: नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी पर धमकी देने का आरोप, थाने पहुंचा मामला

राजेश जाट ने सिविल लाइन थाने में की शिकायत, अमर रोचलानी बोले- आरओ प्लांट किराए पर दिया है, रास्ते के विवाद के चलते की जा रही झूठी शिकायत

 

हरदा। शहर में आरओ वाटर प्लांट और रासायनिक केमिकल के भंडारण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दो पक्षों की शिकायतों तक पहुंच गया है। नगर पालिका हरदा के वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी के खिलाफ राजेश जाट ने सिविल लाइन थाने में शिकायत आवेदन देकर अभद्र व्यवहार करने और जान-माल के नुकसान की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। वहीं अमर रोचलानी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि आरओ प्लांट किराए पर दिया हुआ है और रास्ते के विवाद के चलते उनके खिलाफ झूठी शिकायत की जा रही है। उन्होंने भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत देने की बात कही है।

कलेक्टर और एसपी से की थी शिकायत

राजेश जाट, पिता राधेश्याम जाट, निवासी वार्ड क्रमांक 31, हरदा ने अपने शिकायत आवेदन में बताया कि वह जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर हरदा में अधिवक्ता के रूप में व्यवसाय करते हैं। उन्होंने 29 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक हरदा को शिकायत देकर एक ही परिसर में संचालित दो अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों पर सवाल उठाए थे।

आवेदन के अनुसार, परिसर में एक ओर पीने के पानी का ग्रीन कैटेगरी का आरओ वाटर प्लांट संचालित है, जबकि दूसरी ओर एसिड एवं तेजाब की रेड/ऑरेंज कैटेगरी के रासायनिक केमिकल की पैकेजिंग, निर्माण, संग्रहण, भंडारण एवं विक्रय का काम होने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने इसे आमजन के स्वास्थ्य और मानव जीवन के लिए संभावित खतरा बताया था।

कार्रवाई के बाद धमकी देने का आरोप

- Install Android App -

राजेश जाट ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि उनकी शिकायत के बाद 30 अक्टूबर 2026 को हरदा एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों द्वारा संबंधित परिसर में कार्रवाई की गई थी। उसी दिन शाम लगभग 6 से 6:30 बजे जब वह घर पहुंचे तो विवादित प्लांट के पास लोगों की भीड़ दिखाई दी। वहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात अमर रोचलानी से हुई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान अमर रोचलानी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और शिकायत करने को लेकर नाराजगी जताते हुए जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आवेदन में जिंदा गाड़ देने और रास्ते में मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने जैसी धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

राजेश जाट ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

अमर रोचलानी ने आरोपों को बताया झूठा

वहीं नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, “आरओ प्लांट किराए से दिया हुआ है। राजेश जाट झूठी शिकायत करता रहता है। पूर्व में भी इसके विरुद्ध अपराध दर्ज है। अभी रास्ते का विवाद चल रहा है, इसलिए झूठी शिकायत करता रहता है। मेरे द्वारा भी कल थाने में उसकी शिकायत की गई है।”

अब दोनों पक्षों की शिकायतों पर नजर

इस मामले में एक पक्ष ने धमकी देने और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने रास्ते के विवाद को शिकायत की वजह बताया है। अमर रोचलानी ने भी पुलिस में शिकायत देने की बात कही है। अब पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।