जालीला में पुलिस पर पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 राजस्थान |प्रदेश।के बाड़मेर जिले की शिव तहसील की जालीला ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के परिणाम के बाद तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि सरपंच पद की प्रत्याशी प्रवीना बानो के चुनाव हारने के बाद उनके समर्थकों ने बवाल कर दिया। चुनाव में हार से आक्रोशित समर्थक 15 बाइकों और एक पिकअप में सवार होकर गांव में पहुंचे और हंगामा करने लगे।
पुलिस पर पथराव, जवाब में आंसू गैस
सूचना मिलने पर शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।
40 लोगों पर नामजद मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों पर नामजद मामला दर्ज किया है। शिव थानाधिकारी ने बताया कि सरकारी काम में बाधा, पुलिस पर पथराव और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। बाइक और पिकअप को भी चिन्हित किया गया है।
गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद जालीला गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि चुनावी रंजिश के कारण हुई इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

